रसूलाबाद। सिठउपुरवा गांव में प्रधान की जमीन पर एसडीएम के आदेश से कब्जा हटवाने गए नायब तहसीलदार व पुलिस को उस समय पीछे हटना पड़ा जब कब्जा करने वाली महिलाएं मौके पर आ गई। राजस्व टीम व पुलिस पर आक्रामक हो गई। नायब तहसीलदार जगरूप ने थाने से महिला आरक्षियों सहित अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाया। तब उन महिलाओं हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
प्रधान रामविलास ने बताया कि उनकी लगभग पांच बीघे पट्टे की जमीन पर गांव की ही रामसिया जबरन कब्जा किए हुए थी। यह जमीन राज मार्ग चौबेपुर बेला बिधूना के किनारे स्थित होने के कारण बेशकीमती है। एसडीएम अंजू वर्मा ने रामसिया का कब्जा हटाने का आदेश दिया था। जिसके अनुपालन में शुक्रवार को नायब तहसीलदार जगरूप, लेखपाल अशोक कुमार, कहिंजरी पुलिस चौकी इंचार्ज संतोष सोनकर अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। कब्जा हटाने की बात कहने पर रामसिया व सीमा तथा उनकी सहयोगी महिलाएं आक्रामक रुख पर अड़ गई। स्थिति बिगड़ते देखकर नायब तहसीलदार ने रसूलाबाद थाने से महिला आरक्षियों सहित अतिरिक्त पुलिस बल बुलवाया और आक्रामक तेवर अपनाने वाली रामसिया व सीमा को महिला पुलिस आरक्षियों ने हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ एसडीएम के निर्देश पर कार्रवाई की जाएगी।