डेरापुर के फत्तेपुर गांव में आईटीआई भवन निर्माण के लिए भूमि का सीमांकन कराते अधिकारी।
- फोटो : AKBARPUR
डेरापुर (कानपुर देहात)। कस्बे के फत्तेपुर गांव में बनने वाले आईटीआई भवन के लिए प्रस्तावित भूमि का राजस्व टीम ने शुक्रवार को सीमांकन किया। इसके बाद कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य के लिए सौंप दिया। एसडीएम दीपाली भार्गव का कहना है कि जल्द ही आईटीआई भवन के निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
बता दें कि ब्लाक डेरापुर में आईटीआई के निर्माण के लिए सिकंदरा विधायक अजीत सिंह पाल ने अगस्त 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की थी। मुख्यमंत्री ने 14 अगस्त 2018 को आईटीआई बनाने की घोषणा की थी। 14 महीने बाद तहसील प्रशासन भवन निर्माण के लिए फत्तेपुर गांव की सात बीघा सरकारी भूमि भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित की थी।
शुक्रवार को कार्यदायी संस्था के एई रणंजय चतुर्वेदी टीम के साथ प्रस्तावित भूमि पर पहुंचे। एसडीएम ने भूमि के सीमांकन के लिए राजस्व विभाग के लेखपाल राधेश्याम ओझा, प्रीतीदेवी, रमाकांत श्रीवास्तव आदि की टीम ने प्रस्तावित भूमि का सीमांकन किया।
कार्यदायी संस्था को भूमि सौंप दी गई। टीम की मौजूदगी में प्रस्तावित भूमि की जेसीवी से सफाई का कार्य शुरू करा दिया गया।
कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता रणंजय चतुर्वेदी ने बताया कि भूमि का निरीक्षण कर नक्शा तैयार करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसडीएम ने बताया कि शासन की प्राथमिकता के चलते जल्द ही भवन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस मौके पर प्रधान सतीश नारायण यादव, पूर्व प्रधान विशंभर सिंह यादव आदि मौजूद रहे।