डेरापुर में आईटीआई के लिए भूमि की पैमाइश करते तहसीलदार व राजस्व टीम।
- फोटो : AKBARPUR
डेरापुर (कानपुर देहात)। विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित आईटीआई भवन निर्माण के लिए 16 माह का समय बीत चुका है। इसके बाद भी तहसील प्रशासन भूमि उपलब्ध नहीं करा सका है। अधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार को एसडीएम व तहसीलदार ने भूमि की तलाश फिर शुरू कर दी है।
सिकंदरा क्षेत्र के डेरापुर ब्लाक में एक आईटीआई की स्थापना की घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 अगस्त 2018 को की थी। भवन निर्माण के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए थे। नगर पंचायत प्रशासन ने राजस्व टीम के सहयोग से कस्बे की भूमि के दो अलग-अलग प्रस्ताव भेजे थे, लेकिन भवन निर्माण कार्यदायी संस्था ने दोनों स्थानों को अनुपयुक्त बताते हुये भवन बनाने से मना कर दिया।
शुक्रवार को आईटीआई के भवन निर्माण के लिए एसडीएम दीपाली भार्गव, तहसीलदार लाल सिंह ने राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार, लेखपाल रमाकांत श्रीवास्तव, पूजा चौहान के साथ डेरापुर डिरवापुर फत्तेपुर की सरकारी जमीनों का स्थलीय निरीक्षण किया। तहसीलदार लाल सिंह ने बताया कि तीन स्थानों पर भूमि उपलब्ध है। कार्यदायी संस्था को स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। कार्यदायी संस्था की ओर से भवन बनाने के लिए भूमि चिह्नित की जाएगी।