घर में कीटनाशक दवा का छिड़काव करता कर्मी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
शिवली। जिले में धीरे धीरे बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। मारग मैथा गांव में बुखार से दो लोगों को मौत के बाद शुक्रवार को पड़ोस के गारब मैथा गांव में बालक की मौत हो गई।
गारब निवासी यूनुस के नौ वर्षीय बेटे जाकिर को तीन दिन से बुखार आ रहा था। बुधवार को यूनुस बेटे को लेकर पीएचसी गया तो डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हैलट रेफर कर दिया।
वहीं, हैलट में उपचार के बीच से परिजन बच्चे को कहीं ले जाने लगे, इसी बीच उसकी मौत हो गई। अब तक मैथा क्षेत्र में तीन लोगों की बुखार से मौत हो चुकी है। मैथा पीएचसी के प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ पाठक ने बताया कि जाकिर की मौत की सूचना पर वह उसके घर गए थे।
परिवार वालों ने बताया कि वह झाड़ फूंक कराने के लिए बच्चे को हैलट से कहीं और ले जा रहे थे, रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वहीं, सूचना पर सीएमओ डॉ. एके सिंह गारब निवासी यूनुस के घर के पास पहुंचे तो वहां गोबर के ढेर जमा थे।
इस पर सीएमओ ने जिला विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्टा को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पहुंचे एडीओ पंचायत श्याम सुंदर ने वहां सफाई कराई।