शिवली के इंदिरा नगर में उगते सूर्य को अर्घ्य देती व्रती महिलाएं।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। रविवार को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ सूर्योपासना और लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया। छठ का व्रत महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख शांति और समृद्धि की कामना की। व्रत रखने वाली महिलाओं ने छठी मइया का प्रसाद खाकर 36 घंटे का उपवास तोड़ा। साथ ही घाटों पर मौजूद लोगों को प्रसाद बांटा। इस दौरान घाटों पर छठ मइया के जयकारे लगते रहे।
नबीपुर बंबा पर भगवान भास्कर की पूजा के लिए आस्था की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु अपने घर से दंडवत करते हुए छठ घाट तक पहुंचे। वहां भगवान सूर्य की पूजा की। हर क्षण रंग बदलती भाव भंगिमाएं ही नजर आ रह थीं। रंग बिरंगी साड़ियों, जींस, धोती-कुर्ते पहनकर श्रद्धा के साथ घाटों पर पहुंचे लोगों ने पूजा-अर्चना की।
इन सूर्य भक्तों ने छत्तीस घंटों से उपवास रखा था। छठ पूजा के दौरान पानी में खड़े होकर उगते हुए सूर्य को प्रणाम किया। साथ ही उगते सूर्य को अर्घ्य देकर महिलाओं ने छठ माता को प्रणाम कर व्रत तोड़ा। इसके बाद फल, खीर, पुआ समेत कई पकवान प्रसाद के रुप में बांटे। शिवली के इंदिरा नगर में महिलाओं ने तालाब में पूजन कर व्रत तोड़ा। यहां पूजन के लिए भीड़ उमड़ी।