कानपुर देहात। विकास भवन सभागार में बुधवार को सीडीओ सौम्या पांडेय की अध्यक्षता में किसान समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां किसानों ने कहा कि मौसम खुलने पर खाद और बीज की जरूरत होगी। लाही की बोआई से मक्का व धान की रोपाई में नुकसान की भरपाई हो सकेगी।
इस पर सीडीओ ने कहा कि किसान परेशान न हों। जिले में खाद का पर्याप्त स्टाक है। यूरिया लक्ष्य से 160 फीसदी, डीएपी लक्ष्य से 206 फीसदी अधिक है। 36 एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) बनाए गए हैं। इनमें से पांच एफपीओ बीज उपलब्ध कराएंगे।
किसानों से सीडीओ ने बुआई और फसलों के लिए जरूरत के बीज की जानकारी ली। कुछ किसानों ने सिंचाई की समस्या बताई। इसके समाधान का आश्वासन दिया।
खाद की समस्या, उन्नत बीज उपलब्धता को लेकर उठाए गए सवालों के जवाब में सीडीओ ने कहा कि समितियों व करीब 550 निजी दुकानों के जरिये किसानों को जरूरत की खाद दी जाएगी।
उप निदेशक कृषि विनोद कुमार यादव ने बताया कि जनपद में 46116 एमटी यूरिया और 6740 एमटी डीएपी उपलब्ध है। इसी प्रकार लक्ष्य 645 एमटी एनपीके के सापेक्ष 179 एमटी की उपलब्धता है। पोटाश के लिए 667 एमटी का लक्ष्य है इसमें से अभी 334 एमटी उपलब्ध है। इसके साथ ही दलहनी व तिलहनी फसलों के लिए जरूरी जिप्सम 248 एमटी की उपलब्धता है।
यहां पराली जलाने से रोकने के लिए भी किसानों को जागरूक किया गया। बताया गया कि पराली का समुचित प्रबंधन किया जा सकता है। इसके लिए एफपीओ का कृषि यंत्र बैंक भी सहयोगी है। खेतों में छिड़काव विधि से बीजों को न बोएं बल्कि सुपर सीडर विधि से बोया जाए।
यहां सीडीओ ने एफपीओ को बढ़ावा देने और नाबार्ड से जुड़कर काम कर रहे पांच एफपीओ के बारे में जानकारी दी। यहां जिला कृषि अधिकारी उमेश गुप्ता, प्रभारी उद्यान अधिकारी रामनरेश, एक्सईएन सिंचाई व एलडीएम आदि मौजूद रहे।