सात हजार रुपये का अनुचित लाभ मांगा
इसमें आरोप लगाया गया था कि उपरोक्त आरोपियों ने शिकायतकर्ता के बहनोई द्वारा आवेदन किए गए 1,20,000 रुपये के किसान क्रेडिट कार्ड तत्काल ऋण को मंजूरी देने के बदले में सात हजार रुपये का अनुचित लाभ मांगा था। इस पर शुक्रवार को जाल बिछाया गया और आरोपी फील्ड ऑफिसर और शाखा प्रबंधक को एक-दूसरे के साथ आपराधिक साजिश में शिकायतकर्ता से सात हजार रुपये का अनुचित लाभ मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया है।
गुरगांव शाखा से कर्मचारी की तैनाती कर कराया काम
शाखा प्रबंधक व फील्ड ऑफिसर की गिरफ्तारी के बाद बैंक में सीबीआई जांच करती रही। काम प्रभावित न हो और ग्राहकों को परेशानी हो, इसके लिए अधिकारियों ने गुरगांव शाखा से एक ऑफीसर को भेजा। उप क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि ग्राहकों को लेनदेन में परेशानी न हो इस लिए दूसरी शाखा से एक ऑफिसर की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने बताया कि शाखा प्रबंधक अर्पित करीब तीन माह से व फील्ड ऑफिसर करीब छह माह से बरौर शाखा में तैनात थे।
शाखा प्रबंधक व फील्ड ऑफिसर को रिश्वत मांगने के आरोप में पकड़े जाने की जानकारी सीबीआई अधिकारियों से मिली थी। मौके पर पहुंच जानकारी की गई। इसमें अनीस नाम के व्यक्ति द्वारा शिकायत करने की बात पता चली। टीम दोनों को साथ ले गई है। पूरी जानकारी देते हुए कर्मचारियों के निलंबन के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा गया है। मेरे स्तर से विभागीय जांच भी कराई जाएगी। -अवनीश कुमार, उप क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपी ग्रामीण बैंक