रसूलाबाद। बरईझाल कहिंजरी गांव से शुक्रवार दोपहर में लापता हुए बालक का शव देर रात तालाब किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगा सूचना यूपी 112 को। सूचना पर मौके पर पहुंचीं सीओ व कार्यवाहक थाना प्रभारी ने जांच के साथ साक्ष्य संकलित किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बरईझाल कहिंजरी गांव निवासी इरफान बाहर रहकर मजदूरी करता है। गांव में उसकी पत्नी साजरा बच्चों के साथ रहती है। शुक्रवार की दोपहर में इरफान का बेटा अब्दुल कादिर (चार) संदिग्ध हालात में अचानक लापता हो गया।
खोजबीन के दौरान देर रात उसका शव गांव के बाहर तालाब किनारे पड़ा मिला। आंख व चेहरे पर चोट के निशान होने के कारण परिजनों ने हत्या का आरोप लगा मामले की जानकारी यूपी 112 पुलिस को दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचीं सीओ तनु उपाध्याय, कार्यवाहक थाना प्रभारी रणजीत सिंह, चौकी प्रभारी कहिंजरी राकेश कुमार सिंह ने जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ तनु उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन में हत्या ही प्रतीत होती है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।