भाजपा जिलाध्यक्ष के रोड-शो के दौरान रायपुर में हाइवे पर लगा जाम
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात/रनियां। गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अविनाश सिंह चौहान के स्वागत के रोड-शो से हाईवे पर तीन घंटे जाम लगा। कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। लोगों ने एंबुलेंस और स्कूली वाहन सर्विस लेन से निकलवाए गए।
जिले की सीमा रायपुर में नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष के रोड-शो के दौरान सैकड़ों वाहनों के काफिले ने प्रवेश किया। इस कारण हाईवे पर कानपुर की ओर से अकबरपुर आने वाली लेन पर जाम लग गया। सैकड़ों की संख्या में दोपहिया और भारी वाहन काफिले के पीछे-पीछे रेंगने को मजबूर रहे। स्कूली वाहन और एंबुलेंस भी फंस गई। मौजूद लोगों ने स्कूली वाहन और एंबुलेंस को हाईवे की दूसरी लेन से निकलवाया। तीन घंटे तक जाम की स्थिति रहने के कारण वाहनों में फंसे सवार परेशान होते रहे।
सबसे ज्यादा परेशानी रोडवेज बसों में सवार लंबी दूरी के यात्रियों को उठानी पड़ी। कई वाहन हाईवे की सर्विस लेन और दूसरी लेन से भी गुजरते रहे। दोपहर ढाई बजे जिलाध्यक्ष का काफिला बारा जोड़ से अकबरपुर की ओर मुड़ा तो झांसी की ओर जाने वाले वाहनों का रास्ता साफ हुआ। तीन बजे अकबरपुर पहुंचने पर इटावा की ओर वाहन निकल सके। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी विकास मिश्रा ने बताया कि स्वागत में बड़ी संख्या में भीड़ व वाहनों के शामिल होने से हाईवे पर कुछ देर तक जाम की स्थिति रही है। एंबुलेंस, स्कूली व अन्य जरूरी वाहनों को रास्ता देकर निकाला गया था।