शिवली। रूरा-शिवली रोड पर बंबे की पुलिया बनाने में हो रही लापरवाही ने रविवार की सुबह बाइक सवार युवक की जान ले ली। पुलिया के किनारे रेलिंग नहीं बनी होने से युवक बंबे में गिर गया, इससे उसकी मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे उसके फूफा गंभीर रूप से घायल हो गए।
रायबरेली हरचंदपुर निवासी अरुण सिंह (35) थाना रूरा के मुंडेरा विक्रमपुर निवासी फूफा सुरेश सिंह के यहां दो दिन पहले बाइक से आया था। रविवार की सुबह बाइक से सुरेश को लेकर रूरा-शिवली रोड से रायबरेली की तरफ जा रहा था।
रास्ते में शिवली बंबे की बिना रेलिंग वाली पुलिया से दोनों नीचे गिर गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉ. सनी ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। वह सूरत में साड़ी बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था।
घायल सुरेश सिंह को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अरुण के रिश्तेदार रमेश सिंह, चंद्रभान, गोविंद, जितेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिया पर रेलिंग नहीं बनी है।
इसमें सतर्कता के लिए न तो संकेतांक बोर्ड लगाए गए हैं और न ही रेडियमयुक्त पट्टी। थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। जांच कराई जा रही है।
पुलिया का निर्माण चल रहा है। इसके पास बोर्ड लगवाने के लिए सहायक अभियंता को निर्देशित किया गया है। - एसके रावत, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी।
शिवली-रूरा रोड की बिना रेलिंग की पुलिया के काम में हो रही लापरवाही और संकेतांक बोर्ड नहीं लगाएं जाने की जांच कराई जाएगी। - नेहा जैन, डीएम