कानपुर इटावा हाईवे पर मड़वाई गांव के पास डंपर चालक के ब्रेक लगाने से पीछे से बांदा डिपो की रोडवेज बस टकरा गई। हादसे में बस चालक, परिचालक सहित 13 सवारियां घायल हो गईं। जिला अस्पताल में सभी का उपचार कराया गया। बांदा डिपो के बस चालक योगेंद्र सिंह और परिचालक बबलू 22 सवारियां लेकर सोमवार रात कानपुर देहात से होते हुए कानपुर और उसके बाद दिल्ली जा रहे थे।
कानपुर इटावा हाईवे पर मड़वाई गांव के पास आगे चल रहे डंपर चालक के अचानक ब्रेक लगाने से रोडवेज बस उसमें टकरा गई। इससे आगे का शीशा टूटने के साथ बस क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चालक और परिचालक सहित 13 सवारियां घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां सभी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। यात्रियों को अन्य वाहनों से आगे रवाना किया गया।
हादसे में यह लोग हुए घायल
आनंदनगर इटावा निवासी रामकृष्ण (69), कानपुर किदवई नगर के ब्लॉक निवासी अनिल बाजपेयी (63), रसूलपुर फिरोजाबाद निवासी मोहम्मद आशिफ (27), सिग्नेचर सिटी, आजाद नगर कानपुर निवासी भावना चंद्रा (20) व महेंश चंद्र (48), कुर्रा बबेरू बांदा निवासी नाथू प्रसाद (35) व बेटी कोमल (08), कलेंद्ररी बांदा निवासी योगेंद्र सिंह (50), कल्लापुरवा बांदा निवासी रामपती (50), औरैया निवासी विक्रम सिंह (44), हुसैनगंज फतेहपुर निवासी दिलीप कुमार (30), गहोतरा बांदा निवासी घसीटा (55), जमेनी फतेहपुर निवासी बबलू सिंह (40)। रात 12 बजे डंपर में पीछे से रोडवेज बस टकरा गई थी। इसमें 13 लोग घायल हो गए थे। कोई भी गंभीर घायल नहीं था। अभी तक किसी की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। - अनिल कुमार, थाना प्रभारी अकबरपुर।