कानपुर देहात। पुलवामा हमले में शहीद हुए डेरापुर के रैगवां निवासी श्याम बाबू के परिजनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का भी बुलावा आ गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य लखनऊ में परिजनों को सम्मानित करेंगे। डीएम ने शहीद के परिजनों को लखनऊ भेजे जाने की व्यवस्था डेरापुर एसडीएम को दी है।
कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी 2019 को आतंकी हमले में डेरापुर के रैगवां निवासी श्याम बाबू शहीद हो गए थे। 14 फरवरी को पहली बरसी पर लखनऊ में परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। डीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर डेढ़ बजे शहीद के परिजनों को लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार गर्वनर हाउस के सामने बुलाया गया है।
डेरापुर एसडीएम दीपाली भार्गव ने बताया कि शहीद के परिजनों को लखनऊ ले जाने के लिए तहसील से सरकारी वाहन की व्यवस्था की गई है। समारोह में कन्नौज के शहीद प्रदीप सिंह यादव और उन्नाव के शहीद अजीत कुमार के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।