शिवली। कस्बे में बैरी असई गांव के पास तेज रफ्तार लोडर ने आगे जा रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ऑटो में बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर परिजन उसे कानपुर के हैलट अस्पताल ले गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिवली के शिवाजी नगर मोहल्ला निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक मेवालाल कश्यप का बेटा अरविंद (45) कंप्यूटर ऑपरेटर था। गुरुवार दोपहर वह ऑटो से किसी काम से बैरी गांव जा रहा था।
शिवली कल्याणपुर मार्ग पर बैरी असई गांव के पास रामजानकी महाविद्यालय के सामने तेज रफ्तार लोडर ने आटो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे ऑटो पलट गया और अरविंद उसमें दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंचे परिजन उसको हैलट अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर पत्नी मोनिका, मां संतोषी, बेटे आर्यन, रुद्राक्ष व बहन सोनी बिलख पड़े। शिवली कोतवाल राजेश सिंह ने बताया की दुर्घटना में युवक के हैलट अस्पताल में मौत की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
दुख में बदलीं करवा चौथ की खुशियां
गुरुवार को करवाचौथ का त्योहार होने के चलते अरविंद की पत्नी मोनिका समेत परिवार के अन्य सभी सदस्य काफी खुश थे। घर में पूजा की तैयारियां की जा रही थीं। दोपहर में हादसे की खबर घर पहुंची तो मोनिका समेत परिजनों पर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। त्योहार की खुशियां गम में बदल गईं।