पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मुगलरोड पर रैगवां गांव के पास ट्रैक्टर ट्राॅली की टक्कर से ऑटो पलट गया। इससे ऑटो सवार महिला की मौत हो गई, वहीं मासूम सहित तीन लोग घायल हो गए।
सभी को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से दो को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हमीरपुर के रेमेडी निवासी उमेश गुजरात में बताशे बेचते हैं। वह पत्नी सुमन के साथ रविवार को सट्टी क्षेत्र के खरताला गांव निवासी योगेंद्र के घर आए थे। यहां से दोनों अपनी ससुराल राजपुर के पिचौरा गांव गए थे।
वहां से गुजरात जाने के लिए बस पकड़ने के लिए सभी ऑटो से भोगनीपुर आ रहे थे। मुगलरोड पर रैगवां गांव के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राॅली ऑटो में टक्कर मारते हुए चली गई। इससे ऑटो सड़क पर ही पलट गया।
स्थानीय लोगों ने ऑटो सीधा कर सभी लोगों को बाहर निकाला। हादसे में हमीरपुर के उमेश, पत्नी सुमन (23), खरताल के योगेंद्र, पुत्र हिमांशु, महेश घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
वहां डॉ. गोविंद प्रसाद ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। उमेश, योगेंद्र और महेश को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल अजयपाल सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।