अकबरपुर कैंटीन (भोजनालय) के बाहर लगे हैंडपंप में पड़ी सबमर्सिबल।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर स्थित नगर पंचायत की तरफ से आवंटित कैंटीन का संचालक सरकारी हैंडपंप से ही अपना कारोबार चला रहा है। संचालक ने सरकारी हैंडपंप में अवैध तरीके से सबमर्सिबल डालकर पानी की लाइन कैंटीन में पहुंचा दी। सरकारी हैंडपंप के पानी से खाना बनवाता है। साथ ही सरकारी इसी हैंडपंप के पानी से कैंटीन में आने वाले ग्राहकों की प्यास भी बुझाता है। हालांकि जिस जगह पर कैंटीन है, वहां से प्रतिदिन प्रशासनिक अफसर निकलते हैं, लेकिन सरकारी हैंडपंप पर कब्जे को अनदेखा कर देते है।
जिला प्रशासन ने राहगीरों और आसपास के लोगों की प्यास बुझाने के मकसद से कस्बा अकबरपुर स्थित स्टेट बैंक रोड पर सरकारी हैंडपंप लगवाया था। नगर पंचायत ने इसी हैंडपंप के पास से कैंटीन के लिए जगह आवंटित कर दी। पिछले साल दिसंबर में नगर पंचायत ने एक शख्स को यह कैंटीन आवंटित कर दी।
कैंटीन संचालक ने आवंटित जगह पर टिन शेड लगाकर कैंटीन का निर्माण कराया। फिर हैंडपंप पर कब्जा कर लिया। आसपास के लोगों का कहना है कि कैंटीन संचालक ने सरकारी हैंडपंप में सबमर्सिबल पंप डलवा दिया। इस हैंडपंप से अंडर ग्राउंड पानी की लाइन जोड़कर कैंटीन में पानी की व्यवस्था कर ली। दूसरा पाइप लगाकर हैंडपंप से पानी की निकलने की व्यवस्था भी बदल दी। हैंडपंप पर बिजली के तार लपटें नजर आ रहे हैं, जिससे देख कर लोग खुद ही हैंडपंप के पास जाने से कतराते हैं।
अकबरपुर में नगर पंचायत की तरफ से आवंटित कैंटीन में सरकारी हैंडपंप में सबमर्सिबल डालने का मामला संज्ञान में आया है। पता चला है कि कैंटीन संचालक ने पानी का सरकारी कनेक्शन नहीं लिया है। सरकारी हैंडपंप के पानी से कैंटीन चला रहा है। मामले की टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। जोगिंदर सिंह, सीडीओ