झींझक। कस्बे के एक स्कूल में आठवीं कक्षा के छात्र की हिंदी की कॉपी में शब्द गलत लिखे देख शिक्षक ने उसे पीट दिया। छात्र के पिता ने शिक्षक के खिलाफ मंगलपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक की सेवाएं समाप्त कर दी हैं।
मंगलपुर कस्बे के संजय त्रिवेदी का बेटा अक्षत (11) झींझक के एक कान्वेंट स्कूल में पढ़ता है। आरोप है कि अक्षत शुक्रवार को स्कूल गया था। उसकी हिंदी की कॉपी में दो शब्द गलत लिखे थे। इसी बात से नाराज होकर शिक्षक आलोक गुप्ता ने उसे पीटा।
इससे अक्षत बदहवास हो गया। अन्य अध्यापकों के आने पर शिक्षक ने उसे पीटना बंद किया। पुलिस ने संजय की तहरीर पर आरोपी शिक्षक आलोक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
स्कूल के निदेशक आकाश गुप्ता ने बताया कि शिक्षक आलोक गुप्ता की सेवाएं समाप्त कर दी गईं हैं। इस तरह बच्चे को पीटना गलत है। थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि छात्र के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।