कानपुर देहात। तमंचे के साथ गिरफ्तार आरोपी अकबरपुर कोतवाली से रविवार को शौच जाने के बहाने फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। हालांकि देर रात तक उसे पकड़ा नहीं जा सका। कोतवाल ने आरोपी के साथ लापरवाह पुलिसकर्मी के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।
अकबरपुर कस्बा निवासी शिवा उर्फ दिशांत को पुलिस ने शनिवार की शाम को शुक्ल तालाब मंडी समिति के पास से तमंचे व दो कारतूस के साथ पकड़ा था। पुलिस ने शस्त्र अधिनियम में उसके खिलाफ केस दर्ज किया था। इस दौरान आरोपी को लॉकअप में रखा गया था।
रविवार दोपहर में पुलिस उसे कोर्ट ले जाने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच शिवा उर्फ दिशांत ने शौच जाने की बात कही। मौके पर मौजूद सिपाही उसे शौचालय तक ले गया और इसके बाद वापस कोतवाली कार्यालय के पास आकर खड़ा हो गया।
इस बीच मौका पाकर आरोपी शिवा कोतवाली से भाग निकला। कुछ देर बाद सिपाही वापस शौचालय के पास पहुंचा और आरोपी को आवाज दी। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने दरवाजा खोला तो आरोपी के फरार होने की जानकारी हुई। इससे पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया।
अलर्ट जारी कर पुलिस टीमें उसे पकड़ने के लिए रवाना की गईं। आरोपी के घर भी एक टीम भेजी गई है। कोतवाल प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि शौच जाने के बहाने से आरोपी चकमा देकर फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। अभिरक्षा से फरार होने का केस दर्ज करने के साथ लापरवाह पुलिस कर्मी के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।