पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद धर्मेंद्र अवस्थी के परिजन।
- फोटो : AKBARPUR
रनियां (कानपुर देहात)। दोस्त के बेटे की शादी में शामिल होने आए सेना के सूबेदार मेजर की टैंकर की चपेट में आकर मौत हो गई। तीन अन्य बराती भी घायल हो गए। घायलों को परिजन कानपुर के निजी अस्पताल ले गए। सूबेदार कानपुर के बर्रा में रहते थे। मूल निवासी उन्नाव के थे। वह इस समय देहरादून में तैनात थे। घटना के बाद शादी समारोह में मातम छा गया। सादगी से रस्में निभाई गई।
गंगागंज कानपुर निवासी और जालौन जिला के आटा चौकी में तैनात दरोगा अनिल दुबे की बेटी दिव्या की शादी रनियां के प्रेसीडेंट होटल से थी। गुरुवार रात दामोदर नगर कानपुर से बरात आई थी। शादी समारोह में शामिल होने बर्रा कानपुर निवासी सेना में सूबेदार मेजर धर्मेंद्र अवस्थी (50), दामोदर नगर कानपुर के सोमनाथ दीक्षित, ऋषभ सिंह और कलापुरवा पनकी के आशिक अली आए थे। चारों लोग हाईवे से होटल की तरफ पैदल जा रहे थे। तभी कानपुर की ओर जा रहे टैंकर की चपेट में आ गए।
पुलिस ने चारों को जिला अस्पताल भेजा। वहां धर्मेंद्र अवस्थी को मृत घोषित कर दिया गया। घटना से शादी समारोह में मातम छा गया। मृतक सूबेदार मेजर के बड़े भाई शैलेंद्र, छोटे भाई प्रमोद, चचेरे भाई अभिषेक रात में ही यहां आ गए थे। प्रमोद ने बताया कि धर्मेंद्र अवस्थी देहरादून में एमईएस कोर में सूबेदार मेजर पद पर तैनात थे।
वर्ष 1991 में वह सेना में भर्ती हुए थे। पत्नी दीक्षा अवस्थी और बेटे अंकित अवस्थी के साथ देहरादून में रहते थे। शादी में शामिल होने गुरुवार को पत्नी के साथ कानपुर आए थे। कानपुर के बर्रा में मकान है। वह लोग उन्नाव के करोवन गांव के रहने वाले हैं। मृतक का बेटा अंकित देहरादून में बीटेक कर रहा है। रनियां चौकी इंचार्ज अमर सिंह ने बताया कि टैंकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सचेंडी पुलिस ने टैंकर पकड़ लिया है।
गुरुवार की रात दिव्या की शादी में द्वारचार के बाद बरातियों का स्वागत चल रहा था। पंडाल में डीजे बज रहा था। तभी होटल के बाहर हाईवे पर बरात में शामिल होने आए चार लोगों के टैंकर की चपेट में आने की जानकारी हुई। थोड़ी देर बाद अस्पताल से दूल्हे के पिता सेवानिवृत्त फौजी दामोदर नगर निवासी उमेश तिवारी के दोस्त सेना के सूबेदार मेजर धर्मेंद्र अवस्थी की मौत की खबर आई। इस पर डीजे बंद कराया गया। घटना की जानकारी पर शादी समारोह में सन्नाटा छा गया।