राजपुर। सट्टी थानाक्षेत्र के शाहजहांपुर गांव के पास आलू लादे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक के नीचे दबे शव को बाहर निकाला। अनहोनी की जानकारी पर परिजन बिलख पड़े।
राजपुर की ओर से भोगनीपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार आलू लदे ट्रक ने रविवार की देर शाम आगे जा रहे बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे ट्रक का आगे का पहिया बाइक सवार पर चढ़ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। लोगों की भीड़ जुटी तो सड़क पर जाम लग गया। सूचना पर सट्टी थानाध्यक्ष शिवशंकर मौके पर पहुंचे और ट्रक के पहिये के नीचे दबे शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद ट्रक को कब्जे में लेकर थाना भेजा।
करीब बीस मिनट बाद जाम खुल सका। काफी प्रयास के बाद मृतक की शिनाख्त शाहजहांपुर निवासी मोहित गुप्ता (32) के तौर पर हुई। अनहोनी की सूचना पर पत्नी साधना गुप्ता, भाई आनंद व रवी बिलखने लगे।
परिजनों को रोता देख चार साल की बेटी सौम्या भी फफक पड़ी। थानाध्यक्ष शिवशंकर ने बताया कि युवक हरियाणा की एक कंपनी में काम करता था। वह कुछ दिन पहले गांव आया था। रविवार को वापस हरियाणा काम पर जा रहा था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।