कानपुर देहात। हैदराबाद की सिकंदराबाद रेलवे पुलिस व जिले की स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्यवाही में ट्रेनों में सवारियों के आभूषण चुराने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से सौ ग्राम सोने के जेवर बरामद हुए हैं। इनकी कीमत छह लाख रुपये है।
एएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि हैदराबाद के सिकंदराबाद रेलवे पुलिस क्षेत्र में विभिन्न ट्रेनों से अलग-अलग आभूषण चोरी की घटनाएं दर्ज कराई गई थीं। छानबीन में रामनगर रूरा निवासी पवन सोनी उर्फ दीपू व सुनबरसा शिवली निवासी गोविंद कुमार रैदास का नाम सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
इनके पास से 100 ग्राम सोना मिला। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रेन में यात्रियों के जेवर चोरी करने की बात कबूल की। दोनों बदमाशों का आपराधिक इतिहास है। पवन पर झांसी व लखनऊ जीआरपी में चोरी व बरामदगी के केस दर्ज हैं।
संयुक्त कार्यवाही में सिकंदराबाद रेलवे पुलिस के निरीक्षक एम श्रीनु व कानपुर देहात पुलिस के प्रभारी स्पेशल टीम विनोद मिश्र की टीम शामिल रही।