सुरेश गिहार की मौत पर गमगीन खड़े परिजन। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
सिकंदरा। आलमपुर गांव के पास बुधवार सुबह शहद बेचने जा रहे सिकंदरा आजाद नगर के फेरीवाले की ट्रैक्टर व कार की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया है।
सिकंदरा कस्बा के आजाद नगर के बबलू ने बताया कि पिता सुरेश गिहार (50) साइकिल से फेरी लगाकर शहद बेचते थे। इसकी आमदनी से परिवार का गुजारा होता था। बुधवार सुबह पिता शहद बेचने के लिए साइकिल लेकर घर से निकले थे तभी आलमपुर गांव के विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर से बचने के दौरान कानपुर से औरैया की ओर जा रही कार की टक्कर से ट्रैक्टर के आगे जा गिरे।
वहीं दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत में वह दब गए। गंभीर हालत में उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया। वहां डॉक्टर सादिक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे बबलू ने बताया कि मां की बीमारी के चलते चार वर्ष पहले मौत हो गई थी।
माली हालत ठीक न होने पर बिरादरी के लोगों ने अंतिम संस्कार के लिए रुपये जुटाए। प्रभारी निरीक्षक रामगोविंद मिश्रा ने बताया कि ट्रैक्टर और कार के चालक मौके से फरार हो गए हैं। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।