कानपुर देहात। सरवनखेड़ा ब्लॉक के मनेथू ग्राम पंचायत में प्रधान के पिछले पंचवर्षीय कार्यकाल में व्यक्तिगत शौचालय बनाने में घोटाला किया गया। जांच में कुल 42.85 लाख रुपये के गबन की पुष्टि के बाद तत्कालीन प्रधान, ग्राम सचिव व ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई से वसूली का अनुमोदन डीएम ने किया है। सीडीओ ने वसूली के निर्देश दिए हैं।
मनेथू में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में गड़बड़ी का संज्ञान सीडीओ ने स्वयं लिया था। इसके बाद डीपीआरओ से जांच कराई गई। इसमें पाया गया कि मनेथू के राम भरोसे सिंह, खलपना के पुत्तन सिंह ने 14वां वित्त की धनराशि बिना काम कराए ही निकाल ली।
लाभार्थियों के शौचालय निर्माण की धनराशि निजी फर्म मां बरगदी देवी ट्रेडर्स के खाते में भुगतान कर दी गई। जबकि पहले से बने शौचालय को बनवाना दर्शाकर गबन करने की पुष्टि हुई।
शौचालय बनवाने के नाम पर 4285324 रुपये का घोटाला सामने आने पर डीएम को अनुमोदन के लिए भेजी गई थी। डीएम ने गबन की धनराशि की वसूली कराए जाने का अनुमोदन किया है।
इसी आधार पर अब गबन धनराशि की वसूली तत्कालीन ग्राम प्रधान प्रतिभा सिंह, ग्राम सचिव प्रमिला अग्निहोत्री और ग्राम विकास अभिकरण विभाग के जेई राजकुमार कुशवाहा से करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
सीडीओ सौम्या पांडेय ने बताया कि बीडीओ सरवनखेड़ा के माध्यम से वसूली के निर्देश दिए गए है। लापरवाही मिलने पर संबंधित पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।