कमलपुर गांव में लंपी वायरस से पीडित गाय। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
राजपुर। अमरौधा के कमलपुर गांव में दो दिनों में 10 संरक्षित मवेशियों की मौत हो गई है। पशु पालकों में लंपी वायरस का प्रकोप होने की चर्चा है। वहीं, इतने मवेशियों की मौत के बाद भी पशु चिकित्सा विभाग की टीम गांव नहीं पहुंची। इस पर लोगों ने सीएम हेल्प लाइन नंबर में शिकायत दर्ज कराई है।
कमलपुर गांव के पशु पालक राजू पाल ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी गाय को तेज बुखार आया। एकाएक शरीर पर गांठें उभर आईं। सोमवार को मवेशी की मौत हो गई। इससे पहले इन्हीं लक्षणों के चलते कमला देवी, जनक सिंह, राजेंद्र सिंह की नौ गायों की मौत हो चुकी है।
पशु पालकों ने बताया कि गायों में लंपी के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। पशुओं में बीमारी की सूचना शाहजहांपुर पशु चिकित्सालय में दी गई, लेकिन टीम नहीं पहुंची। मंगलवार को ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्प लाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई है।
पशु पालकों का कहना है कि लंपी वायरस के प्रकोप से क्षेत्र के शाहजहांपुर, कमलपुर, पिचौरा व कथरी गांव में कई मवेशियों की मौत हो चुकी है। 20 से अधिक मवेशी अभी भी बीमार हैं।