रावतपुर थानाक्षेत्र में संपत्ति विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। वृद्ध दंपती ने बहू पर सिर फोड़ने, गला दबाकर जाने से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बेटे, बहू और पाैत्री पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रावतपुर के छोटा लखनपुर निवासी पुत्तनलाल (60) ने दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 17 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे उनकी बहू सारिका त्रिवेदी और पोती लवन्या घर का दरवाजा तोड़ने का प्रयास कर रही थीं।
विरोध पर दोनों ने हमला कर दिया। इसमें वह और पत्नी घायल हो गए। आरोप है कि सारिका ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की जबकि पोती ने सीने पर चढ़कर लात-घूंसों से पीटा। सारिका ने पत्थर से उनका सिर फोड़ दिया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि बहू, बेटा हिमांशु और पोती मकान अपने नाम कराने या हर माह 20 हजार रुपये देने का दबाव बना रहे हैं।
रुपये न देने पर झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी जाती है। वृद्ध ने बताया कि वह पत्नी के साथ अपने हिस्से में रह रहे हैं लेकिन वहां भी लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। रावतपुर इंस्पेक्टर कमलेश राय ने बताया कि सारिका, हिमांशु, लवन्या के खिलाफ हमला करने, जबरन वसूली, धमकाने, मारपीट, गालीगलौज आदि धारा में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।