जूही क्षेत्र की रत्ना सक्सेना ने पीएनबी की निरालानगर शाखा प्रबंधक और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी व साइबर ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनके खाते से 12 जुलाई 2024 को तीन बार में 4.95 लाख रुपये निकाल लिए गए थे। महिला का आरोप है कि उन्होंने कोई ओटीपी नहीं दिया और न ही कोई लिंक खोला था।
जूही के केशवनगर निवासी रत्ना सक्सेना ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि निरालानगर स्थित पीएनबी शाखा में बचत खाता है। वह केवल चेकबुक का इस्तेमाल करती हैं। खाते से रुपये निकलने का एसएमएस उन्हें मिला था जिसके बाद उन्होंने बैंक को सूचना दी। किदवईनगर पुलिस ने पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद डीसीपी साउथ और पुलिस कमिश्नर कार्यालय में भी सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर यह रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्हाेंने बताया कि बैंकिंग लोकपाल में शिकायत दर्ज कराई तो पता चला कि दो लाख रुपये गुरुग्राम में सकलक मुश्ताक के खाते में जबकि शेष 2.95 लाख रुपये तन्जुरा खातून के खाते में गए हैं। संबंधित खातों से पूरी धनराशि निकाल ली गई है। सभी खाते डिजिटल तरीके से खोले गए थे और ई-केवाईसी के तहत सत्यापित हैं। किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर शाखा प्रबंधक और अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।