कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर अपराध और डिजिटल ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘CY-वज्र’ के तहत एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शेयर बाजार और आकर्षक रिटर्न वाले निवेश के नाम पर निर्दोष लोगों से करोड़ों रुपये ठगने वाले अंतर्राष्ट्रीय साइबर नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 02 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
निवेश के नाम पर देते थे मोटा मुनाफा
पकड़े गए साइबर ठग बेहद शातिराना तरीके से अपना जाल बिछाते थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह आम नागरिकों और निवेशकों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और फर्जी मैसेजिंग ऐप्स के जरिए निशाना बनाता था।
36 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन आया सामने
कानपुर कमिश्नरेट पुलिस की साइबर सेल और तकनीकी टीम ने गिरोह के बैंक खातों की जांच की तो दंग रह गई। प्रारंभिक जांच में अब तक लगभग 36 करोड़ रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के प्रमाण मिले हैं।
साथियों की तलाश तेज, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस आयुक्त के कुशल निर्देशन में चलाए गए ऑपरेशन ‘CY-वज्र’ से देश भर में फैले इस गिरोह को बड़ा झटका लगा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस की विशेष टीमें गिरोह के अन्य सक्रिय सदस्यों, बैंक खाता मुहैया कराने वाले दलालों और मुख्य सरगना की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं।