मालरोड पर एलआईसी चौराहा से मुरे कंपनी पुल तक लगा भीषण जाम
- फोटो : अमर उजाला
धनतेरस पर शनिवार को सुबह से ही शहर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी। सराफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और गृह सज्जा की दुकानों पर ग्राहकों की कतारें लगी रहीं। त्योहारी खरीदारी के उत्साह ने जहां बाजारों को गुलजार कर दिया तो वहीं सड़कों पर जाम की स्थिति भी गंभीर होती चली गई। माल रोड, बिरहाना रोड, पी-रोड, सीसामऊ, कल्याणपुर, बर्रा, नौबस्ता और स्वरूपनगर जैसे प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए आए लोगों के वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और भीड़भाड़ से आवागमन प्रभावित रहा।
ट्रैफिक पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात करने के साथ डायवर्जन लागू किया था। कई जगह बैरिकेडिंग हटाकर रास्ते डायवर्ट किए गए ताकि जाम कम हो सके। बावजूद इसके शाम होते-होते स्थिति तब और बिगड़ गई जब दफ्तरों से लौटने वाले लोगों और खरीदारी के लिए निकले परिवारों की भीड़ एक साथ सड़कों पर आ गई। कई जगह दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पैदल चलने वालों को भी जगह-जगह रुकना पड़ा।