कानपुर के रावतपुर, कल्याणपुर और पनकी क्षेत्र इन दिनों जिस्मफरोशी का धंधा करने वालों की सुरक्षित पनाहगाह बन गए हैं। हालांकि पहले आरोपी एकांत इलाकों में मकान लेकर धंधा चलाते थे, लेकिन पुलिस की रेड से बचने के लिए रिहायशी इलाकों को अपना नया अड्डा बना लिया है।
कानपुर के रावतपुर क्षेत्र में तीन दिन में दूसरा रैकेट रविवार को पकड़ा गया। केशवपुरम, आवास-विकास के रिहायशी इलाके में किराये के मकान में चल रहे रैकेट का क्षेत्रीय लोगों की सजगता से खुलासा हुआ। संदिग्ध गतिविधि देख क्षेत्रीय लोगों ने रविवार को घर पर बाहर से ताला लगाकर पुलिस को सूचना दे दी।
विज्ञापन
मौके पर एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार रावतपुर थाने के फोर्स समेत पहुंचे। घर के अंदर से खुद को दंपती बताने वाले दिनेश अग्निहोत्री बनकर रह रहे शफीक निजामी व सुनीता के अलावा तीन युवतियों व दो युवकों को गिरफ्तार किया। तीनों युवतियों को थाने से निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
केशवपुरम स्थित नागेश्वर अपार्टमेंट के पास आरएन पांडेय का मकान है। इसे उन्होंने किराये पर उठा रखा है। वे परिवार के साथ पनकी वाले मकान में रहते हैं। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि मकान में पूर्व में रहने वाले लोगों की भी गतिविधियां संदिग्ध थीं। देर रात तक महिला और पुरुषों का आना-जाना था। ढाई माह पूर्व पुलिस को सूचना दी गई थी। तब पुलिस आने से पहले ही सभी भाग निकले थे।
विज्ञापन
इधर एक माह से फिर इसी घर में युवक, युवतियों का आना-जाना शुरू हो गया। रविवार को क्षेत्रीय लोगों ने एकत्रित होकर गेट पर बाहर से ताला डालकर हंगामा किया। एसीपी के अनुसार घर के अंदर रहने वालों ने नाम दिनेश अग्निहोत्री और सुनीता बताया।
जब जांच की गई तो दो अलग कमरों में तीन युवतियां व दो युवक मिले। बेड के नीचे संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुईं। सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई।
प्यार के फेर में शफीक से बना दिनेश
पुलिस की जांच में सामने आया कि खुद को दिनेश अग्निहोत्री वाला वास्तव में मसवानपुर लोहे की पुलिया के पास रहने वाला मो. शफीक है। उसके रावतपुर क्षेत्र के दबंग रहे पूती पंडित की पत्नी सुनीता से संबंध हो गए थे। 10 साल पहले पूती की बीमारी के चलते मौत हो गई।
इसके बाद शफीक खुद का नाम दिनेश अग्निहोत्री रख कर सुनीता के साथ पति के रूप में रहने लगा। सुनीता का एक 14 वर्ष का बेटा भी है। सुनीता से शादी के बाद दोनों रैकेट चलाने लगे। दोनों करीब दो माह पूर्व ही यहां किराये पर रहने आए थे।
जिस्मफरोशी धंधे के सुरक्षित पनाहगाह बन रहे रावतपुर, कल्याणपुर, पनकी
कानपुर के रावतपुर, कल्याणपुर और पनकी क्षेत्र इन दिनों जिस्मफरोशी का धंधा करने वालों की सुरक्षित पनाहगाह बन गए हैं। हालांकि पहले आरोपी एकांत इलाकों में मकान लेकर धंधा चलाते थे, लेकिन पुलिस की रेड से बचने के लिए रिहायशी इलाकों को अपना नया अड्डा बना लिया है।
दरअसल कल्याणपुर, पनकी, और रावतपुर क्षेत्र में अन्य इलाकों के मुकाबले नई बस्तियां और कालोनियां ज्यादा हैं। लोग एक दूसरे को कम जानते पहचानते हैं, कई मकानों में भवन स्वामी भी नहीं रहता है। वहीं लोग बताते हैं कि आउटर इलाका होने के चलते पुलिस की भी कृपा बरस जाती है। स्थानीय पुलिस की सहभागिता की पुष्टि इससे भी हो जाती है, कि ज्यादातर मामलों का खुलासा पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम या लोगों की सूचना पर ही हुआ है।
रावतपुर थाना क्षेत्र के विनायकपुर में क्राइम ब्रांच ने होटल रिद्धि पैलेस ने छापा मारकर रैकेट का भंडाफोड़ किया था। संचालक ने होटल के सभी कमरों में हिडन कैमरा लगा रखा था। जिसके माध्यम से वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे। आरोपी के मोबाइल में 250 अश्लील वीडियो मिले थे। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत 5 लोगों को जेल भेजा था। इसके बाद रविवार को कुछ दूरी पर केशवपुरम इलाके में रिहायशी इलाके में रैकेट का भंडाफोड़ हुआ। यही नहीं बीते चार वर्षों में सबसे अधिक रैकेट इन्हीं क्षेत्रों में पकड़े गए हैं।
18 होटलों में भेजी जाती थीं लड़कियां
कानपुर कमिश्नरेट की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप(एसओजी) ने कल्याणपुर में हाई प्रोफाइल रैकेट का खुलासा किया था। रैकेट के तार 18 होटलों से जुड़े हुए थे। जहां से जिस्मफरोशी के लिए लड़कियों को भेजा जाता था। बंगाल, असम, झारखंड से युवतियों को एक-एक माह के पैकेज में बुलाकर कल्याणपुर के फ्लैट में रुकवाया जाता था। रैकेट का खुलासा तब हुआ था जब एक युवती ने पुलिस से शिकायत की थी, कि सरगना बर्रा निवासी रोहित वर्मा ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया है, अब वायरल की धमकी दे रहा है। पुलिस ने कई होटलों में दबिश दे 7 युवतियों को बरामद किया था।
पहले भी इन क्षेत्रों में पकड़े जाते रहे हैं रैकेट
कल्याणपुर, पनकी और रावतपुर जैसे इलाकों में पहले भी रैकेट पकड़े जाते रहे हैं। आवास विकास में पुलिस ने सपा नेता के मकान में छापा मारकर रैकेट पकड़ा था जिसमें कई महिला-पुरुषों सहित कई गिरफ्तारियां हुई थीं।
रावतपुर, पनकी, कल्याणपुर इलाके में रैकेट के मामले आ रहे हैं, क्राइम ब्रांच टीम को इस ओर ज्यादा ध्यान देने के लिए कहा गया है।- रंजीत कुमार, एसीपी क्राइम