रावतपुर में नेत्रहीन दंपती को प्लाॅट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी की गई। रावतपुर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर बुधवार को रिपोर्ट दर्ज की है। रावतपुर गांव निवासी राम अनुज तिवारी (60) ने पुलिस को बताया कि वो और उनकी पत्नी नेत्रहीन हैं। इसका लाभ उठाते हुए पड़ोसी राजू सिंह चंदेल ने रावतपुर में 100 वर्गगज का प्लॉट सस्ते में दिलाने का झांसा दिया। कथित प्लॉट स्वामिनी रामदुलारी से मिलवाया।
90 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। रकम राजू सिंह ने ही ली। बैनामा कराते समय प्लॉट का क्षेत्रफल 100 की जगह 50 वर्गगज दर्ज कराया। पैमाइश में यह मात्र 30 वर्गगज पाया गया। विरोध के बावजूद न तो जमीन उपलब्ध कराई गई और न ही रकम लौटाई गई। पुलिस के सुनवाई न करने पर कोर्ट की शरण ली। रावतपुर थाना प्रभारी मनोज मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर जांच की जा रही है।