विजयनगर में मेट्रो अधिकारियों को अपनी समस्या बताते इलाकाई लोग
- फोटो : अमर उजाला
मेट्रो कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड निर्माण कार्य के दौरान शास्त्रीनगर में मकानों की दीवारों में दरारें आने के बाद बुधवार को क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। निर्माण स्थल के पास एकत्रित लोगों ने मेट्रो अधिकारियों का घेराव किया। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही। काफी देर तक चली बातचीत के बाद निर्माणदायी संस्था के अधिकारियों ने लेटर पैड पर मरम्मत कराने का लिखित आश्वासन दिया जिसके बाद लोग शांत हुए।
कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2 के तहत सीएसए से बर्रा-8 तक 8.60 किलोमीटर लंबे रूट का निर्माण कराया जा रहा है। इसके तहत डबल पुलिया से विजयनगर क्षेत्र में भी भूमिगत कार्य चल रहा है। इस दौरान शास्त्री नगर कॉलोनी निवासी सौरभ श्रीवास्तव, सुनील त्रिपाठी, हृदेश कुमार मिश्रा, कौशल समेत पांच लोगों के घरों में दरारें आने की शिकायत सामने आई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण के दौरान मशीनों से होने वाली खोदाई में तेज कंपन हो रहा है जिससे मकानों को नुकसान पहुंच रहा है।