कानपुर के अलग-अलग बैंकों, पीएफ कार्यालय, वाणिज्यकर और श्रम विभाग में कोरोना कहर बरपा रहा है। दो हफ्ते में बैंकों में 250 कर्मचारी और अधिकारी संक्रमित मिले हैं। 17 अधिकारियों और कर्मचारियों की मौत हो चुकी है। वाणिज्यकर में 50, पीएफ कार्यालय में 24 और श्रम विभाग में सात कर्मचारी संक्रमित हैं।
इस दौरान पीएफ विभाग में कैंटीन संचालक समेत चार कर्मचारियों की कोरोना से मौत हुई है। इतनी बड़ी संख्या में अफसर और कर्मियों के संक्रमित होने और मौतों के बाद भी मतगणना में ड्यूटी लगाने पर कर्मचारियों में रोष है। बैंक संगठन भी सरकार और बैंक प्रबंधन की नीतियों से नाराज हैं।
उत्तर प्रदेश बैंक इंप्लाइज यूनियन के मंत्री रजनीश गुप्ता ने बताया कि शहर में अलग-अलग बैंकों की 650 से अधिक शाखाएं हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक इंडिया समेत सभी बैंकों में कोरोना के 250 मामले सामने आ चुके हैं।