कानपुर में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने की वजह से ऑक्सीजन का संकट दिन पर दिन गहराता जा रहा है। अस्पतालों में ऑक्सीजन की मांग तीन गुना बढ़ गई है। पहले मरीजों को ऑक्सीजन मिले, इस वजह से उद्योगों के लिए आपूर्ति रोक दी गई है।
ऑक्सीजन आपूर्ति करने वाली फर्मों ने खुद ही यह फैसला लिया है। आने वाले दिनों में कई तरह के उद्योगों में उत्पादन प्रभावित हो सकता है। कानपुर में इन दिनों अस्पताल, होम आइसोलेशन वाले मरीजों और उद्योगों को मिलाकर करीब 5000 सिलिंडर रोज चाहिए।
हालात ये हैं कि अस्पतालों में ही सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में उद्योगों को 80 फीसदी तक आपूर्ति रोकनी पड़ी। माना जा रहा है कि अगले एक दो दिन में उद्योगों को पूरी तरह आपूर्ति रोक दी जाएगी। जिले में ऑक्सीजन की किल्लत से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा है।
आपूर्ति बढ़ने की गुंजाइश नहीं
कानपुर में ऑक्सीजन की आपूर्ति करने वाली पांच इकाइयां हैं। मुरली गैस और हरिओम नाम की फर्में खुद ही अपने प्लांट में ऑक्सीजन बनाती हैं। इन दोनों फर्मों का औसत उत्पादन रोजाना 1000 से 1200 सिलिंडर प्रतिदिन है। एक सिलिंडर में करीब 1200 लीटर ऑक्सीजन आती है।