ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना तेजी से फैल रहा है। ऐसे में लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए पहल की गई है। जन सुविधा केंद्रों में निशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किया गया है।
कानपुर में ग्रामीण क्षेत्रों के लोग कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए अब जन सुविधा केंद्रों में निशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। ये जन सुविधा केंद्र बुधवार से खुलेंगे। इन केंद्रों में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक ऑनलाइन पंजीकरण होगा।
विज्ञापन
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वीरेंद्र पांडेय ने मंगलवार को जन सुविधा केंद्र खोले जाने के लिए निर्देश जारी किए। वैक्सीन पंजीकरण के लिए आने वाले लोगों को कोरोना कर्फ्यू में छूट रहेगी। प्रदेश सरकार को लगातार इस बात की शिकायतें मिल रही थीं कि ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट, मोबाइल फोन या पोर्टल आदि की जानकारी न होने की वजह से लोग ऑनलाइन पंजीकरण नहीं करा पा रहे हैं।
इस वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या भी बहुत कम है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए गांव के लोगों के लिए जन सुविधा केंद्र पर निशुल्क पंजीकरण की सुविधा शुरू की गई है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब आठ सौ जन सुविधा केंद्र संचालित हैं।