चकेरी में दो हजार रुपये गुंडा टैक्स न देने पर दबंगों ने सरेराह 12वीं के छात्र की बेरहमी से पिटाई की। उससे गाली गलौज कर स्टील के कड़े और लोहे की चाबियों से हमला किया। छात्र की चीख पुकार सुन क्षेत्रीय लोग बचाव के लिए आए तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के पिता ने आरोपियों के खिलाफ अवैध वसूली समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
चकेरी के आजादनगर निवासी आटाचक्की संचालक कमलाकांत मिश्रा का छोटा बेटा 12वीं का छात्र है। कमलाकांत के अनुसार एक मई को बेटा स्कूल से वापस आते समय क्षेत्र की मिठाई की दुकान पर पहुंचा। यहां न्यू आजादनगर निवासी अभय अग्रहरि, वरुण ठाकुर, अभिषेक तिवारी, गगन, अनस, दक्ष, यश राजपूत और तीन अज्ञात लड़कों ने उसे रोककर दो हजार रुपये गुंडा टैक्स कि मांग की। छात्र के इन्कार करने पर आरोपियों ने गाली गलौज कर उसकी बुरी तरह से पिटाई की। इलाकाई लोगों ने जब विरोध किया तो आरोेपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। चकेरी इंस्पेक्टर संतोष शुक्ला के मुताबिक आरोपियों को जल्द से जल्द जेल भेजा जाएगा।
पहले भी ले चुके हैं गुंडा टैक्स
कमलाकांत के मुताबिक आरोपी उनके बेटे को डरा धमका कर 2023 से गुंडा टैक्स ले रहे हैं। एक दिन बेटा गुल्लक से रुपये निकाल रहा था उस दौरान उसको पकड़ा था। तब उसने गुंडा टैक्स वसूलने की पूरी जानकारी दी। कमलाकांत के मुताबिक उन्होंने समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोपियों ने एक बार फिर से हमला कर दिया।