कानपुर में गोविंद नगर थाना क्षेत्र की कच्ची बस्ती निवासी 11वीं की छात्रा राधिका (15) रविवार देर शाम नहाने की बात कहकर ऊपर कमरे में गई, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आई। छोटा भाई जय किशन उसे बुलाने पहुंचा, तो कमरे में उसका शव मिला। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। राधिका के पिता बृजभूषण लोडर चालक हैं।
परिवार में पत्नी नीलम, बेटी राधिका और बेटा जय किशन हैं। परिजन के मुताबिक रविवार सुबह बृजभूषण लोडर लेकर काम पर चले गए थे। शाम करीब पांच बजे नीलम बाजार से सामान लेने गई थीं। इस दौरान जय किशन घर में बनी दुकान पर बैठा था। इसी बीच राधिका ने भाई से कहा कि वह ऊपर बाथरूम में नहाने जा रही है और कमरे में चली गई। काफी देर तक उसके नीचे नहीं आने पर जय किशन ने आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर वह ऊपर पहुंचा।