जोन-04 की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में चौराहे से मंदिर मार्ग होते हुए प्रेमनगर और मोहम्मद अली पार्क तक सड़क व फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर और दस्ताबल के जरिए पूरी तरह साफ करा दिया।
टीनशेड, गुमटियां और पक्के निर्माण ध्वस्त, सामान जब्त
जोनल अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ को घेरकर बनाए गए करीब 80 टीनशेड, 60 टट्टर व तखत, 08 बड़ी गुमटियां, 45 अवैध पक्के निर्माण, 28 बेंच, 80 कटआउट और 25 साइन बोर्ड हटाकर जब्त कर लिए गए।
इसके साथ ही मंदिर मार्ग पर अव्यवस्थित तरीके से लगाई गईं फूल और प्रसाद की दुकानों को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर जनरेटर रखकर अतिक्रमण करने वाले एक दुकानदार से 25 हजार रुपये का यूजर चार्ज भी वसूला गया।
दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
नगर निगम की टीम ने सभी दुकानदारों और स्थानीय लोगों को हिदायत दी है कि सावन के दौरान यदि दोबारा सड़क या फुटपाथ पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस बल के साथ नगर निगम के राजस्व निरीक्षक और अभियंत्रण विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।