बजरिया थाना क्षेत्र के बेकनगंज इलाके में जुलूस के दौरान दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चल गए। इस दौरान लोगों ने एक दूसरे पर जमकर पथराव कर दिया। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई।शनिवार रात सोशल मीडिया पर घटना के तीन अलग-अलग वीडियो वायरल हो गए जिसके बाद कमिश्नरी के अधिकारियों के होश उड़ गए। आनन-फानन डीसीपी सेंट्रल ने थाना प्रभारी को फटकार लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले लोगों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है।
बेकनगंज के बाबा मार्केट में 38 सेकंड के वायरल वीडियो में रात के समय भारी भीड़ के साथ जुलूस निकलता दिखाई दे रहा है। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। वीडियो में आगे चल रहे लोगों के बीच अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है। इसके बाद कई युवा दोनों तरफ से पथराव शुरू कर देते हैं। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तेजी से आगे बढ़ते दिखाई देते हैं। इस दौरान कुछ लोग इधर-उधर भागते नजर आते हैं, जबकि एक-दो युवक सड़क पर गिरते भी दिखाई देते हैं।
पुलिसकर्मी भीड़ को पीछे हटाने और रास्ता खाली कराने का प्रयास करते नजर आते हैं। आसपास मौजूद लोग मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाते दिखते हैं। इसी तरह घटना का दूसरा वीडियो 02.38 सेकंड का है। इसमें बेगमगंज में ही डायमंड ज्वेलर्स के बाहर जुलूस के दौरान बीच सड़क पर एक युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद हैं। कुछ लोग युवक को लाठी-डंडों से पीटते नजर आते हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव और शोर-शराबा करते दिखाई देते हैं। यह वीडियो किस कारण हुई मारपीट का है और इसमें शामिल लोग कौन हैं,पुलिस इसकी जांच कर रही है।
ठीक इसी तरह घटना के तीसरे 01.46 सेकंड के वायरल वीडियो में जुलूस में अचानक हंगामा और मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो किसी ऊंची इमारत से बनाया गया है, जिसमें सड़क पर बड़ी संख्या में लोग जुलूस के साथ चलते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि जुलूस के बीच अचानक कुछ लोग आपस में भिड़ जाते हैं। देखते ही देखते कई लोग एक युवक को घेर लेते हैं और उसके साथ धक्कामुक्की व मारपीट होने लगती है। इस दौरान मौके पर अफरातफरी मच जाती है। हंगामे के दौरान कुछ देर के लिए जुलूस भी प्रभावित होता दिखाई देता है। बाद में लोग एक-दूसरे को अलग करते हैं और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती नजर आती है। पूरे घटनाक्रम की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।
इस मामले में डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुए हैं, जिसमें कुछ युवक जुलूस के दौरान आपस में झड़प करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना बजरिया पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। प्रकरण की विस्तृत विवेचना की जा रही है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, फिर भी कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत अब तक तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।