नेहरूनगर के चर्चित पार्षद पवन गुप्ता और उनके 10-12 साथियों के खिलाफ नजीराबाद थाने में कोर्ट के आदेश पर मारपीट और एससी-एसटी का मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि होली मिलन समारोह का चंदा न देने पर पार्षद और उनके साथियों ने मारपीट कर ढाई हजार रुपये छीन लिए थे। नजीराबाद इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि मामला 2024 का है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अशोकनगर निवासी आकाश ने एफआईआर में बताया कि 29 मार्च 2024 में जब वह केसा चौराहे पर स्थित अपनी पान की दुकान बंद कर घर जा रहा थे। तभी पार्षद और उनके साथियों हरिओम, आशीष, अजय, मयंक गुप्ता, पंकज गुप्ता, मुकेश गौतम, मिथुन व दो-तीन अज्ञात लोगों ने उसे रोका। जबरन 31 मार्च 2024 को पार्क में होने वाले होली मिलन समारोह का चंदा मांगने लगे। चंदा देने से इन्कार किया तो सभी ने लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। बचाव में आए उसके भाई को भी पीटा। आकाश के मुताबिक पुलिस से लेकर सीएम पोर्टल तक शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इंस्पेक्टर ने बताया कि वादी को बुलाकर उससे पूछताछ के बाद जांच शुरू की जाएगी। वहीं, दूसरी ओर पार्षद का कहना है कि मामला पेशबंदी और राजनीतिक षड्यंत्र के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।