फजलगंज स्थित वीसी मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के सेल्समैन ने कार बुकिंग के नाम पर ग्राहकों से लाखों रुपये ठग लिए। आरोप है कि उसने कंपनी के नाम से फर्जी रसीदें तैयार कर उन पर जाली हस्ताक्षर किए और ग्राहकों को असली रसीद बताकर रकम ले ली। रुपये कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय खुद हड़प लिए। कंपनी के उप महाप्रबंधक दीपांशु मिश्रा की तहरीर पर फजलगंज पुलिस ने सेल्समैन अभिनव दीक्षित, उसकी पत्नी मृदुला दीक्षित और साले अभिषेक शुक्ला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्राथमिकी के अनुसार, अभिनव दीक्षित दो से तीन साल से कंपनी में सेल्समैन के पद पर काम कर रहा था। उसका काम ग्राहकों की गाड़ी बुक करना, एडवांस रकम लेना और कंपनी से रसीद जारी कराकर ग्राहक को देना था। 12 नवंबर को ग्राहक अखिलेश पांडेय ने कंपनी को बताया कि अभिनव ने गाड़ी बुकिंग के नाम पर उनसे 1.67 लाख रुपये लिए हैं। इसकी जानकारी एजेंसी को नहीं थी। इसके बाद कंपनी ने अपने अभिलेखों के आधार पर अन्य ग्राहकों से संपर्क किया तो फर्जीवाड़े का पता चला।
शिकायत के मुताबिक, अभिनव ने मिहिर वर्मा से चार लाख, मृदुला वर्मा से 1.80 लाख, धनंजय प्रजापति से 1.70 लाख, राजेंद्र प्रसाद से 29 हजार, सुमित शर्मा से 2.79 लाख, वरुण पांडेय से 1.78 लाख, शुभम कुमार से 21 हजार और प्रियदर्शनी सिंह से दो लाख रुपये लिए। इन सभी को कंपनी की फर्जी रसीदें दी गईं। कंपनी ने कुल ठगी की रकम 20 से 25 लाख रुपये के बीच होने का अनुमान जताया है।
कंपनी प्रबंधन का आरोप है कि अभिनव की पत्नी और साले को भी उसके कृत्यों की पहले से जानकारी थी और दोनों की भी इसमें सहभागिता है। अभिनव के मूल पते हैदराबाद में भी लोगों और क्रेडिट कार्ड कंपनियों से करीब 80 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी मिलने का दावा किया गया है।