कैबिनेट मंत्री ने प्लांट का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
- फोटो : amar ujala
कानपुर में घाटमपुर स्थित नेयवेली पावर प्लांट में अब चौथी यूनिट भी लगेगी। कंपनी बोर्ड ने इसका प्रस्ताव पास कर दिया है। यह बात प्लांट के अधिकारियों ने बुधवार को प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान से कही। मालूम हो कि पूर्व योजना के तहत मौजूदा समय प्लांट में 660-660 मेगावाट की तीन यूनिट से 1980 मेगावाट बिजली का उत्पादन कर रही हैं। 660 मेगावाट की चौथी यूनिट लगने से प्लांट की क्षमता और बढ़ जाएगी।
निरीक्षण करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करके परियोजना की वर्तमान स्थिति, विद्युत उत्पादन, संयंत्र की संचालन व्यवस्था तथा विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद परियोजना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति, तकनीकी व्यवस्थाओं, विद्युत उत्पादन की स्थिति तथा संयंत्र के संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी।