रेलबाजार थानाक्षेत्र में घर से लापता कैंसर पीड़ित की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की फोटो और अन्य विवरण सोशल मीडिया में शेयर किया तो परिजनों ने पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचकर मृतक की शिनाख्त की। रेलबाजार में फाई साहब का हाता निवासी मो. लियाकत का बेटा मो. तसलीम (33) मेट्रो में मजदूरी करता था। उसकी पत्नी नाजनी बेगम ने बताया कि पति कैंसर से पीड़ित थे। बताया कि पति 23 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे घर से निकल गए थे।
इसके बाद वह देर रात तक नहीं लौटे। उनके भाई तहसीन, मोइद्दीन और अन्य परिजनों ने पूरी रात तलाश की पता नहीं चला। इसके बाद दूसरे दिन 24 अप्रैल को भी सुबह से पति की तलाश में जुट गए। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, हैलट और उर्सला अस्पताल के भी चक्कर लगाए लेकिन कोई जानकारी नहीं हो सकी। बताया कि 25 अप्रैल की रात में सोशल मीडिया पर पति की मृत फोटो देखी तो पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने सुजातगंज में ट्रेन की चपेट में आने की बात कही। रेलबाजार पुलिस मामले की जांच कर रही है।