कानपुर में उन्नाव के बांगरमऊ से लापता व्यापारी का शव पांच दिन बाद करीब 62 किलोमीटर दूर कानपुर के गंगा बैराज के गेट नंबर 21 के पास गंगा नदी में मिला। 25 वर्षीय इसरार मोहम्मद के नानामऊ घाट से गंगा में छलांग लगाने की बात सामने आई थी। इसके बाद से गोताखोर और जल पुलिस लगातार नदी में उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार दोपहर शव मिलने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और ताबीज से उसकी पहचान की।
बांगरमऊ के ग्राम भिखारीपुर पतासिया निवासी मोहम्मद रईस किराना स्टोर चलाते हैं। उनके चार बेटों में इसरार सबसे छोटा था। भाइयों के मुताबिक, 19 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे इसरार बाइक से नानामऊ घाट पहुंचा था। वहां बाइक खड़ी करने के बाद वह पुल से गंगा में कूद गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक के नंबर से परिजनों को जानकारी दी।