कानपुर में साकेतनगर स्थित पार्क को डॉ. बृजकिशोरी दुबे मेमोरियल स्कूल को आवंटित करने के मामले में हाईकोर्ट ने केडीए को फटकार लगाई। अधिवक्ता सौरभ भदौरिया की ओर से दाखिल जनहित याचिका पर न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ नंदन की दो सदस्यीय खंडपीठ ने प्रमुख सचिव आवास को दो सदस्यीय कमेटी गठित कर रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने और हाईकोर्ट को जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। अगली सुनवाई पांच जनवरी को होगी।
कार्रवाई कर प्रमुख सचिव दें शपथपत्र
हाईकोर्ट ने आवास एवं शहरी नियोजन विकास विभाग के प्रमुख सचिव को आदेश दिया कि वह दो अफसरों की एक टीम गठित करें। एक अपर सचिव स्तर का और दूसरा मंडलायुक्त स्तर का अधिकारी हो ताकि आवंटन से संबंधित संपूर्ण पहलू की जांच हो सके। आवंटन प्रक्रिया में हर अधिकारी की भूमिका का पता लगाया जा सके। समिति चार सप्ताह में प्रमुख सचिव को रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर प्रमुख सचिव को उचित कार्रवाई करके दो सप्ताह में अपना शपथपत्र कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए।