सचेंडी में 13 दिन से लापता ऑटो चालक अनिल कुमार (49) का शव रविवार दोपहर सचेंडी में नाले में उतराता मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे पिता मूलचंद्र ने कपड़ों से उसकी पहचान अपने बेटे अनिल के रूप में की। परिजन ने तेज बारिश के दौरान सड़क और आसपास पानी भर जाने से नाला न दिखने पर उसमें गिरने की आशंका जताई।
मेहरबान सिंह का पुरवा निवासी मूलचंद्र प्राइवेट कर्मी हैं। चार बच्चों में अनिल सबसे बड़ा था। वह ऑटो चलाता था। परिजन के मुताबिक 14 सितंबर की सुबह अनिल ऑटो लेकर निकला था। बर्रा से सवारी लेकर वह सचेंडी पहुंचा। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। उसका ऑटो भाऊपुर रोड पर लावारिस खड़ा मिला था। रविवार दोपहर नाले से तेज दुर्गंध आने पर राहगीरों ने झांका तो शव उतराता मिला। सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।