बिठूर थाना क्षेत्र के नानाराव पेशवा पार्क के पास सोमवार देर रात बाइक सवार सड़क किनारे रखे ईंट के चट्टे से टकरा गया। हेलमेट न पहने होने के कारण युवक के सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी जान चली गई। मंगलवार दोपहर सड़क किनारे ईंट जमा करने से आक्रोशित परिजनों ने घटनास्थल पर शव रखकर करीब 20 मिनट तक सड़क जाम कर हंगामा किया। पुलिस के समझाने के बाद परिजन शांत हुए। बाइक के चट्टे से टकराने का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया।
बिहारीगंज मोहम्मदपुर निवासी वेटर आदित्य गोस्वामी (18) अपने दोस्तों सोमदेव प्रजापति और समय गोस्वामी के साथ सोमवार रात आर्यनगर स्थित एक क्लब में पार्टी में काम करने आए थे। काम खत्म करने के बाद तीनों बाइक से देर रात बिठूर पुल स्थित एक ढाबे में रुके। समय ने बताया कि वहां तीनों ने चाय पी। इसके बाद आदित्य ने सोमदेव की बाइक लेकर घर तक जाने की बात कही। आदित्य बाइक लेकर चुंगी चौराहे की तरफ जा रहा था तभी नानाराव पेशवा स्मारक पार्क के पास लगे ईंट के चट्टे से टकरा गया। पुलिस ने चौबेपुर सीएचसी भेजा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।