कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में भाटिया तिराहे के पास सोमवार दोपहर सड़क पार कर रही दो छात्राओं को बचाने के प्रयास में बाइक फिसलने से ऑर्डिनेंस फैक्टरी के रिटायर्ड क्लास वन अधिकारी होम सिंह (60) की मौत हो गई। ब्रेक लगाने पर बाइक फिसलने से वह सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान हेलमेट की स्ट्रिप खुल गई और सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अर्मापुर ऑफिसर्स कॉलोनी निवासी होम सिंह 30 जून को ऑर्डिनेंस फैक्टरी से क्लास वन अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हुए थे। परिवार में पत्नी गीता और नोएडा में रहने वाले इंजीनियर बेटे रजत व अमन हैं। परिजनों ने बताया कि रिटायरमेंट के बाद वह पनकी भाटिया तिराहे के पास स्थित कोटक इंश्योरेंस में एजेंट के तौर पर काम करने लगे थे। पांच नवंबर को छोटे बेटे रजत की सगाई हुई थी।