महाराजपुर थानाक्षेत्र में मंगलवार को बौसर गांव के पास ओवरटेक के दौरान पिकअप ने बाइक सवार दो दोस्तों को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान छात्र की गुरुवार सुबह मौत हो गई। वहीं दोस्त की हालत गंभीर बनी हुई है।
साढ़ के दूहरपुर, बांग्ला निवासी किसान शिवबाबू ने बताया कि उनका बेटा आयुष यादव (17) कक्षा नौ का छात्र था। साथ ही खेती किसानी में हाथ बंटाता था। उन्होंने बताया कि 23 मई की शाम को आयुष अपने दोस्त सुमित के साथ बाइक से इकघरा से होते हुए साढ़ जा रहा था। बताया कि अभी वह महाराजपुर स्थित बौसर गांव के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप सवार ने लापरवाही से ओवरटेक करने में बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता के अनुसार दोनों की हालत बिगड़ने पर कांशीराम अस्पताल के डॉक्टरों ने दोनों को हैलट रेफर कर दिया। लेकिन बेहतर इलाज के लिए वह लोग आयुष को नौबस्ता स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बताया कि सुमित की हालत गंभीर बनी हुई है। महाराजपुर इंस्पेक्टर संजय पांडेय ने बताया कि छात्र का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।