चकेरी थानाक्षेत्र के श्यामनगर ओवरब्रिज में मंगलवार रात को गड्ढे में अनियंत्रित होकर एक बाइक सवार दूसरे बाइक सवार से टकरा गया। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया। दहेली सुजानपुर केडीए कॉलोनी निवासी शिवा वर्मा मंगलवार रात में बाइक से पीएसी से श्यामनगर की तरफ जा रहे थे।
सामने से तेज रफ्तार में कोयलानगर निवासी कमल जायसवाल श्यामनगर पुल से आ रहे थे। शिवा की बाइक गड्ढे में जाने के कारण अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे कमल की बाइक से टकरा गई। हादसे में शिवा और कमल दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कमल की हालत गंभीर देख उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।