कानपुर। खेल विभाग की ओर से आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय राज्य स्तरीय टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को कानपुर ने प्रयागराज को दो विकेट से पराजित किया। अर्द्धशतकीय पारी खेलने के लिए वंश निगम प्लेयर ऑफ द मैच रहे। कानपुर की टीम ने अपने पहले मैच में मंगलवार को गोरखपुर टीम को हराया था। टूर्नामेंट में टीम की यह लगातार दूसरी जीत है।
आजमगढ़ स्थित सर्वोदय क्रिकेट मैदान पर खेले गए मैच में प्रयागराज ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 205 रन बनाए। टीम के राहुल ने 92, हर्षित नारायण ने 46 और दिव्यांशु यादव ने 31 रन बनाए। कानपुर टीम के उत्कर्ष तिवारी ने दो, प्रशांत ठाकुर, प्रांजुल देव व दिव्यांशु पांडे ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर की टीम ने आठ विकेट खोकर 20वें ओवर की अंतिम गेंद पर 209 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम के वंश निगम ने 81 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली। वहीं रुद्रेश्वर ने 36, दिव्यांशु ने 25 और आशीष ने 26 रन बनाएं। गेंदबाजी में प्रयागराज की ओर से हर्षित नारायण व सत्यम यादव ने दो-दो, अविरल मिश्रा, दिव्यांश यादव, कृष्णा सोनकर ने एक-एक विकेट लिया।