डॉ. रिजवान मोहम्मद
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारतीय नागरिक बनकर रह रहे बांग्लादेशी नागरिक डॉ. रिजवान की पत्नी हिना खालिद 19 महीने बाद जेल से शुक्रवार जमानत पर रिहा हो गई। उसे पति रिजवान के साथ 11 दिसंबर 2022 को अवैध तरीके से देश में रहने के आरोप में जेल भेजा गया था। मूलगंज थाने से उनके खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। हिना खालिद पति रिजवान के साथ आर्यनगर के इंपीरियल रेजीडेंस में रह रही थी। रिजवान अभी भी जिला जेल में है।
चार साल से इंपीरियल अपार्टमेंट में रह रहा था परिवार
29 साल पहले रिजवान ने शहर के मूलगंज में रहने वाले मोहम्मद खालिद की बेटी हिना से शादी की थी। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। पुलिस ने रिजवान के अलावा उसकी पत्नी, ससुर और दोनों बेटे व बेटी को गिरफ्तार किया था। साथ ही इस बांग्लादेशी परिवार के मोबाइल और बैंक खातों की भी जांच भी की थी। इंपीरियल अपार्टमेंट में रिजवान 2018 से रह रहा था। सूत्रों का कहना है कि रिजवान के बांग्लादेशी होने की कहानी हिना ने ही किटी में महिला मित्रों को बताई थी और वहीं से यह बात फैलती चली गई।